उमरिया, तपस गुप्ता। मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मझौली का यह मामला है, जहां तीन महीने पहले एक मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। मृतक जब गांव की ही एक दुकान पर सामान लेने गया था, तभी कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि आरोपियों ने युवक को एक कमरे में बंद किया और उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर माचिस की तीली लगा दी। गंभीर रूप से झुलसने के बाद आरोपी उसे सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गए।

इलाज के दौरान हुई मौत, सदमे में पिता और दादी ने भी त्यागे प्राण

परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत घायल युवक को लेकर अस्पताल भागे, लेकिन डॉक्टरों के लाख प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। जवान बेटे की दर्दनाक मौत का गम पिता सहन नहीं कर पाए और बेटे की अर्थी उठने के ठीक पंद्रह दिन बाद उन्होंने भी दुनिया छोड़ दी। पोते और बेटे की इस असमय मौत के गहरे सदमे में कुछ ही दिनों बाद वृद्ध दादी ने भी अपने प्राण त्याग दिए। एक ही परिवार में हुई इन तीन मौतों से पूरा गांव सदमे में है।

अवैध शराब के कारोबार और आपसी विवाद का है पूरा मामला

ग्रामीणों के अनुसार यह पूरा घटनाक्रम अवैध कारोबार और रंजिश का परिणाम है। आरोप है कि मुख्य आरोपी महिला इलाके में अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों का धंधा करती है। घटना की रात एक अन्य आरोपी के साथ मृतक का किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद दोनों ने मिलकर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। घटना इतनी भयावह थी कि मौके के हालात देखकर हर किसी का कलेजा कांप गया।

न्याय की आस में दर-दर भटक रहा पीड़ित परिवार, पुलिस पर लगे गंभीर आरोप

मृतक ने अपनी अंतिम सांसों से पहले आरोपियों के काले कारनामों और पेट्रोल डालकर आग लगाने की पूरी दास्तान बयां की थी। इसके बावजूद पीड़ित परिवार का आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने मामले में लीपापोती करते हुए आरोपियों को बचाने का पूरा प्रयास किया। न्याय की गुहार लेकर पीड़ित परिवार और ग्रामीण लगातार थानों से लेकर जनप्रतिनिधियों और बड़े अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से लोगों में भारी आक्रोश है।