छतरपुर। छतरपुर जिला पंचायत सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार की एक सुखद तस्वीर सामने आई। जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर पहुँचे ग्राम माधोपुर (चंदला) निवासी 53 वर्षीय दिव्यांग आवेदक द्वारका अहिरवार को कलेक्टर मृणाल मीणा की त्वरित पहल पर तत्काल ट्राइसाइकिल की सौगात मिली।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर मृणाल मीणा ने आमजन की समस्याओं और शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुना। इसी दौरान जब द्वारका अहिरवार अपनी शारीरिक असमर्थता और आवागमन की समस्या लेकर सामने आए, तो कलेक्टर ने उनकी स्थिति को देखते हुए सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वयं सौंपी ट्राइसाइकिल, आवेदक ने जताया आभार
जनसुनवाई समाप्त होने के तुरंत बाद कलेक्टर मृणाल मीणा ने स्वयं सभाकक्ष परिसर में द्वारका अहिरवार को अपने हाथों से नई ट्राइसाइकिल प्रदान की। बरसों की मजबूरी के बाद अचानक ट्राइसाइकिल का सहारा मिलते ही द्वारका अहिरवार भावुक हो उठे और उनके चेहरे पर मुस्कान तैर गई। उन्होंने जिला प्रशासन और कलेक्टर की इस त्वरित व संवेदनशील पहल के लिए सहृदय आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने दैनिक कार्यों और आवागमन के लिए किसी अन्य पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।




