छतरपुर। सागर कमिश्नर अनिल सुचारी ने बीते रोज छतरपुर जिले के बड़ामलहरा स्थित सुभाष चंद्र बोस समग्र शिक्षा आवासीय बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। कमिश्नर के अचानक पहुँचने से छात्रावास प्रबंधन और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखना और व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखना था।


सौ सीटर क्षमता वाले इस छात्रावास में निरीक्षण के दौरान 51 छात्राएं मौजूद मिलीं। कमिश्नर सुचारी ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उन्हें मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, मीनू के पालन और समय-समय पर मिलने वाले विशेष भोजन के बारे में विस्तृत जानकारी ली। छात्राओं से बातचीत के बाद उन्होंने पूरे परिसर का मुआयना किया, जहां पर्याप्त बिजली आपूर्ति और साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। कमिश्नर ने छात्रावास की वार्डन कुसुम लता चौरसिया और सहायक वार्डन नजमा बानो को फटकार लगाते हुए बिजली व्यवस्था सुधारने और सफाई का विशेष ध्यान रखने के कड़े निर्देश दिए।


उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर के साथ जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एसडीएम आयुष जैन, नायब तहसीलदार विश्वम्भर सिंह मरावी और सदर पटवारी पंकज बाजपेयी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के अंत में कमिश्नर अनिल सुचारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि छात्रावासों की व्यवस्थाओं को मानक स्तर पर बनाए रखने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण निरंतर जारी रहेंगे। उनके इस दौरे के बाद क्षेत्र के अन्य छात्रावासों और विभागीय अधिकारियों में भी हलचल तेज हो गई है।