छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। नौगांव थाना परिसर में शनिवार दोपहर जहरीला पदार्थ सेल्फास खाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले 35 वर्षीय राजकुमार कुशवाहा की झांसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक लाहेरा पुरवा का निवासी बताया गया है। रविवार को उसके शव का पोस्टमार्टम नौगांव अस्पताल में कराया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब 3 बजे राजकुमार कुशवाहा ने नौगांव थाना परिसर में सेल्फास खा लिया था। हालत बिगडऩे पर पुलिस उसे तत्काल अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव लेकर पहुंची। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया, जहां से बाद में बेहतर इलाज के लिए झांसी भेजा गया। झांसी में उपचार के दौरान राजकुमार की मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने मामले में नौगांव पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे राजकुमार अपनी पत्नी के साथ नौगांव थाने पहुंचा था। उसने अपने बड़े भाई और भतीजे के खिलाफ शिकायत आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी। परिजनों का आरोप है कि उसकी शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे वह परेशान और आहत था। आरोप है कि इसी के चलते शनिवार दोपहर वह दोबारा थाने पहुंचा और वहां सेल्फास खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया।
राजकुमार की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है। रविवार को पोस्टमार्टम के दौरान नौगांव अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों और अन्य लोगों की भीड़ जमा रही। घटना को लेकर क्षेत्र में भी चर्चाओं का दौर जारी है।
मामले में एसडीओपी अमित मेश्राम ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि थाना परिसर में घटना होने के बाद पुलिस ने तत्काल राजकुमार को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता भी जांच के बाद सामने आएगी।




