मुरैना। मुरैना के पोरसा थाना क्षेत्र के बुधारा गांव में नकल की शिकायत करना छठवीं कक्षा के एक छात्र को भारी पड़ गया। परिजनों का आरोप है कि नकल की शिकायत से नाराज शिक्षक और कुछ छात्रों ने मिलकर छात्र की डंडों से पिटाई कर दी, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। घटना 1 अगस्त की बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक छात्र ने टेस्ट के दौरान अपनी कॉपी से नकल कर रहे तीन छात्रों की शिकायत शिक्षक से की थी। आरोप है कि इसके बाद शिक्षकों रामरूप माहौर, सूरजभान तोमर और रामवीर प्रजापति ने तीन अन्य छात्रों के साथ मिलकर उसकी मारपीट की।


घटना के बाद परिजन छात्र को लेकर पोरसा थाने पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की। मंगलवार को पीड़ित छात्र अपने दादा के साथ मुरैना एसपी धर्मराज मीणा की जनसुनवाई में पहुंचा और पूरी घटना बताकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने छात्र की बात सुनने के बाद पोरसा थाना प्रभारी को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


वहीं जिला शिक्षा अधिकारी बीएस इंदोलिया ने बताया कि बुधारा स्कूल में छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है, जिसमें एक छात्र का हाथ फ्रैक्चर हुआ है। मामले की जांच के लिए बीईओ को निर्देश दिए गए हैं। जांच में यदि किसी शिक्षक की भूमिका सामने आती है तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।