सतना, अंबिका केशरी। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोठी में इलाज के दौरान एक 25 वर्षीय आदिवासी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार कोठी थाना क्षेत्र के पवैया गांव निवासी 25 वर्षीय दयावती आदिवासी को बुखार आने पर परिजन इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोठी लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने सरकारी पर्चे में बाहर से दवा और इंजेक्शन लिखकर मंगवाया तथा इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
महिला की हालत गंभीर होते देख अस्पताल के मेडिकल स्टाफ ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया। हालांकि परिजन जब तक महिला को एंबुलेंस में लेकर रवाना होते, उससे पहले ही दयावती ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए डॉक्टर पर गलत उपचार करने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल प्रबंधन के साथ मिलकर परिजनों को समझाइश दी। काफी देर तक चले विवाद के बाद परिजन शव ले जाने के लिए राजी हुए।




