लखनऊ। कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत और समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने एमएलसी चुनाव मतदान, योगी कैबिनेट की बैठक, लखनऊ में 'वोट फिक्सिंग' के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। दोनों नेताओं ने एमएलसी चुनाव में अच्छे प्रदर्शन का दावा किया।11 सीटों पर हो रही मतगणना को लेकर सुरेंद्र राजपूत ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "भाजपा द्वारा मतपत्रों को लूटना और आगरा में प्रत्याशी के साथ बदतमीजी करना दिखाता है कि प्रशासन ने मनमानी की है। भाजपा के बेईमानी के बावजूद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में इंडी गठबंधन को बढ़त मिलेगी।"
लखनऊ में 'वोट फिक्सिंग' के आरोप पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, "इस समय तो पूरे देश और इंडी गठबंधन की लड़ाई वोट चोरों के खिलाफ है। इंडी गठबंधन जनता, राहुल गांधी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में वोट चोरों के खिलाफ लड़ रहे हैं। केद्र सरकार वोट चोरी से बनी है, इसलिए यह अवैध सरकार है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा सरकार को भी जाना होगा।
आशुतोष वर्मा ने कहा, "समाजवादी पार्टी को पूरा भरोसा है कि वह छह से ज्यादा सीटें जीतेगी। हमारे कार्यकर्ताओं में उत्साह और भाजपा कार्यकर्ताओं में निराशा से यह साफ है कि हम सही रास्ते पर हैं। हमें पूरा यकीन है कि समाजवादी पार्टी ग्रेजुएट और टीचर, दोनों ही निर्वाचन क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन करेगी और 2020 का रिकॉर्ड तोड़ देगी।"
योगी सरकार की कैबिनेट बैठक पर आशुतोष वर्मा ने कहा, "चुनावी वर्ष की बैठकें सिर्फ जुमला होती हैं। भाजपा के लोग पहले भी कह चुके हैं, चुनाव के दौरान जो भी वादा करते हैं, उसे पूरा नहीं करते। ऐसे में कैबिनेट बैठक का कोई मतलब नहीं है। कुछ दिनों बाद आचार संहिता लग जाएगी, ऐसे में कोई परियोजना धरातल पर उतर नहीं पाएगी, इसलिए बैठक सिर्फ दिखावा है।"
बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और संविधान ने हमें मतदान का जो अधिकार दिया था, उसको भाजपा सरकारें छीन रही हैं। एसआईआर के माध्यम से मताधिकार का हक छीना जा रहा है। यह देश की 140 करोड़ की जनता की अस्मिता पर हमला है। चुनाव आयोग को सुधरना चाहिए, वरना तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।













