रायगढ़,छत्तीसगढ़, रोहित तिर्की । कांग्रेस ने बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में सोमवार को रायगढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने गांधी प्रतिमा से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वहीं धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


प्रदर्शन के दौरान खरसिया विधायक उमेश पटेल भी कार्यकर्ताओं के समर्थन में पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रहे बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर लगाने की नीति से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। विधायक ने कहा कि बिजली बिलों के खिलाफ आंदोलन की शुरुआत रायगढ़ से की गई है और आने वाले दिनों में इसे पूरे छत्तीसगढ़ में व्यापक रूप से चलाया जाएगा।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का अनोखा अंदाज भी देखने को मिला। बैरिकेड के सामने कार्यकर्ता नाचते-गाते नजर आए और पुलिस से वाटर कैनन चलाने की मांग करते हुए कहा कि जब वे बैरिकेड नहीं तोड़ रहे हैं तो कम से कम वाटर कैनन चलाकर ही विरोध का जवाब दिया जाए। हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए प्रदर्शन को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित किया।


कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बिजली बिलों में राहत देने और स्मार्ट मीटर लगाने के फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे और उन्होंने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए आम जनता के हित में बिजली दरों में कमी की मांग उठाई।