छतरपुर। शहर के मऊ दरवाजा क्षेत्र में चल रहा नाला निर्माण कार्य इन दिनों स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। बस स्टैंड बाजार से होकर जाने वाले मुख्य रास्ते पर पिछले 10 दिनों से काम बेहद धीमी गति से चल रहा है, जिससे बाजार की रौनक पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
दुकानदारों का कहना है कि रास्ता बाधित होने से ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। जिन व्यापारियों की खुद की दुकानें हैं, उन्हें कर्मचारियों और घर खर्च की चिंता सता रही है, वहीं किराए की दुकानों में व्यापार करने वाले दुकानदार किराया तक निकाल पाने में परेशान हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि काम “कछुआ गति” से किया जा रहा है। लोगों की मांग है कि नगर पालिका जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराए ताकि बाजार की स्थिति सामान्य हो सके।


