मुंबई, 11 मई । भाजपा मुंबई के प्रवक्ता किशोर जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल-डीजल के इस्तेमाल में अत्यधिक संयम बरतने को बड़ा संदेश बताते हुए लोगों को पालन करने की बात कही है।
किशोर जोशी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता को एक बहुत बड़ा संदेश दिया है। ऐसा केवल आर्थिक रूप से संवेदनशील प्रधानमंत्री ही कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने जो कहा है, वह बिल्कुल सही है। अगर आप पड़ोसी देशों में पेट्रोल की कीमतों को देखें तो वहां कीमतें बहुत बढ़ गई हैं। आज हम अपने देश में पेट्रोल की कीमतों को नियंत्रित कर रहे हैं, जो बहुत ज्यादा नहीं है। अगर देश की जनता प्रधानमंत्री की बातों को मान ले तो देश संकट से उबर सकता है। देशवासियों को इसे 'मोदी व्रत' मानकर अमल करना चाहिए।"
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जनता से त्याग मांगे। सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, ईंधन का कम उपयोग करो, मेट्रो में चलो, घर से काम करो। ये उपदेश नहीं, ये नाकामी के सबूत हैं। 12 साल में देश को इस मुकाम पर ला दिया है कि जनता को बताना पड़ रहा है, क्या खरीदे, क्या न खरीदे, कहां जाए, कहां न जाए। हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं ताकि खुद जवाबदेही से बच निकलें।"
कांग्रेस नेता के इस बयान पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "राहुल गांधी की राजनीतिक परिपक्वता के बारे में मैं क्या कहूं? जिस तरह से वे सवाल उठा रहे हैं, इतने दिनों तक आप सब कहां थे? यह लड़ाई 12 साल पहले शुरू नहीं हुई थी। यह तो सिर्फ 10 हफ्तों की बात है। तो अगर हम इस स्थिति को देखें और इससे निपटने के लिए ये सब कदम न उठाएं तो भविष्य में क्या होगा?"
किशोर जोशी ने कहा, "मुझे नहीं पता शशि थरूर को इसकी जानकारी है या नहीं, लेकिन जहां तक मुझे पता है, जिन 17 जगहों पर मतदाताओं के नाम काटे गए, वहां टीएमसी उम्मीदवार विजयी रहे। इसका मतलब है कि जो एसआईआर प्रक्रिया हुई, वह पूरी तरह निष्पक्ष थी। यह जनता के हित में था। एसआईआर से किसी पार्टी को नुकसान नहीं होता।"




