पन्ना। जिले के अमानगंज में रेस्ट हाउस के सामने यात्रियों से खचाखच भरी छांग्गे राजा बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बस के अंदर धुआं भरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए आनन-फानन में बस से उतरने लगे। बताया जा रहा है कि घटना के समय बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बस से घना धुआं उठता दिखाई दे रहा है।
इस घटना ने जिले में संचालित निजी बसों की फिटनेस और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग से जिले की सभी निजी बसों की सघन जांच कराने की मांग की है। जांच में बसों की वायरिंग, टायर, अग्निशमन उपकरण और तकनीकी स्थिति के साथ फिटनेस प्रमाणपत्रों की भी जांच करने की मांग की गई है। लोगों का कहना है कि अनफिट बसों को तत्काल सड़क से हटाया जाना चाहिए।
घटना के संबंध में जिला परिवहन अधिकारी सुनील शुक्ला का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। बस में आग लगने के कारण और उसकी फिटनेस से जुड़ी जानकारी के लिए मैसेज भेजे जाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। गनीमत रही कि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।




