गाजियाबाद। सावन के पावन महीने में कांवड़ यात्रा पूरे उत्साह के साथ जारी है। उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में भी कांवड़ियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। 'मिनी हरिद्वार' के नाम से मशहूर मुरादनगर में गंगा नहर के किनारे जगह-जगह कांवड़ कैंप लगाए गए हैं, जहां हजारों श्रद्धालु कुछ देर रुककर आराम कर रहे हैं।


कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए इन कैंपों में खाने-पीने से लेकर आराम और मेडिकल सुविधाओं तक का इंतजाम किया गया है। लंबी दूरी पैदल तय करने के बाद जब कांवड़िए इन शिविरों में पहुंचते हैं तो उनको कुछ देर आराम करने की सुविधा दी जाती है। कई श्रद्धालु यहां भोजन और पानी लेते नजर आए, वहीं पैरों में दर्द या दूसरी छोटी-मोटी परेशानियों के लिए मेडिकल सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।


कांवड़ियों की सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी खास ध्यान दिया गया है। पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और गंगा नहर के आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है। इसके लिए एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है। प्रशासन की कोशिश है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से संभाला जा सके।


हरिद्वार से अपनी कांवड़ यात्रा शुरू करने वाले एक श्रद्धालु ने बताया कि उन्होंने 2 अगस्त को यात्रा शुरू की थी। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही वे अपनी मंजिल तक पहुंच जाएंगे। श्रद्धालु ने कांवड़ यात्रा के दौरान किए गए इंतजामों की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं को अच्छा बताया।


एक अन्य कांवड़िए ने बताया कि लगातार लंबी दूरी तक पैदल चलने की वजह से पैरों में थोड़ा दर्द जरूर है, लेकिन यात्रा के दौरान बाकी सब कुछ ठीक रहा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर उन्हें दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा खाने-पीने और दूसरी जरूरी सुविधाओं का भी अच्छा इंतजाम है।