लुधियाना, रोहित पाठक। पंजाब के लुधियाना शहर में आयोजित बागेश्वर महाराज की श्री हनुमान कथा के द्वितीय दिवस सनातन आस्था, भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा का रसपान करने और भगवान हनुमान एवं श्रीराम नाम की भक्ति में डूबने के लिए पंजाब सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु लुधियाना पहुंचे।
कथा के दूसरे दिन सुबह बागेश्वर महाराज के निवास स्थल से कथा स्थल तक पहुंचने के दौरान सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक श्रद्धालु उनकी एक झलक पाने और स्वागत-अभिवादन के लिए खड़े नजर आए। जय श्रीराम और जय बागेश्वर बालाजी के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कथा स्थल पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पंडाल के अंदर जगह कम पड़ने पर बड़ी संख्या में भक्त मैदान में बैठकर तथा पंडाल के बाहर खड़े होकर हनुमान कथा का श्रवण करते नजर आए। शाम के समय भी बागेश्वर महाराज की एक झलक पाने के लिए सड़कों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्त हाथों में मोबाइल लेकर उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाते दिखाई दिए।
कथा के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब के एडीजीपी डॉ. शरद चौहान भी कथा स्थल पहुंचे। दोनों ने बैठकर बागेश्वर महाराज के मुखारविंद से श्री हनुमान कथा का श्रवण किया। आयोजकों के अनुसार कथा के अभी तीन दिन शेष हैं। इस दौरान एक दिवसीय दिव्य दरबार का भी आयोजन किया जाएगा।














