सतना, सजल कुमार रजक। कारीगोही गांव में स्कूल के सामने स्थित एक किराना दुकान से कथित तौर पर अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने मां दुर्गे स्व-सहायता समूह की संचालिका ममता साकेत और उनके पति राजेश साकेत पर शराब बेचने के आरोप लगाए हैं। शराब बिक्री से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्कूल में मां दुर्गे स्व-सहायता समूह द्वारा मध्यान्ह भोजन का संचालन किया जाता है, उसी के सामने स्थित किराना दुकान से कथित रूप से शराब बेची जा रही है। एक ग्रामीण द्वारा मोबाइल से बनाए गए वीडियो के वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया है।
वहीं, इसी परिवार की एक अन्य महिला पर खुटहा टोला स्कूल के सामने स्थित घर से शराब बेचने का आरोप भी लगाया गया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि उत्तर प्रदेश से शराब लाकर अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई की जाती है। हालांकि, वायरल वीडियो और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और आबकारी विभाग की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।











