छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले के पांढुरना क्षेत्र के सौंसर अंतर्गत मोहगांव से एक महिला कर्मचारी के साथ छेड़छाड़, शारीरिक शोषण और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज कर चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता नगर पालिका में एक एनजीओ के माध्यम से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में कार्यरत थी। पीड़िता ने अपने ही सहकर्मियों और स्थानीय लोगों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।


पीड़ित महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, दो आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ और शारीरिक शोषण किया। वहीं अन्य दो आरोपियों ने इस घटना का फायदा उठाकर उसे डराया-धमकाया और अश्लील सामग्री के आधार पर ब्लैकमेल करने की कोशिश की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और चारों आरोपियों बालया, विकास, सचिन और सलमान को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में नगर पालिका में दैनिक वेतन पर कार्यरत सफाई कर्मचारी, वाहन चालक और स्थानीय निवासी शामिल हैं।


मामले की पुष्टि करते हुए एडिशनल एसपी मनकामना प्रसाद ने बताया कि पीड़ित महिला की लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित आपराधिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं, डिजिटल साक्ष्यों और बयानों के आधार पर मामले की गहन विवेचना कर रही है।