Thursday, February 5, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशभोपालभोपाल में युवतियों पर 'कटर मैन' का आतंक खत्म: सनकी आरोपी देवेंद्र अहिरवार गिरफ्तार

भोपाल में युवतियों पर 'कटर मैन' का आतंक खत्म: सनकी आरोपी देवेंद्र अहिरवार गिरफ्तार

Post Media
News Logo
Peptech Time
5 फ़रवरी 2026, 01:13 pm IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

भोपाल(जीतेन्द्र यादव)। राजधानी भोपाल की सड़कों पर पिछले कुछ दिनों से युवतियों और छात्राओं पर कटर से हमला करने वाले साइको बदमाश को पुलिस ने सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सागर जिले के निवासी देवेंद्र अहिरवार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बुधवार देर रात छोला क्षेत्र में घेराबंदी कर दबोचा।


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पिपलानी और अयोध्या नगर इलाकों में कुल चार वारदातें की थीं। इनमें से तीन पिपलानी और एक अयोध्या नगर में हुईं। हमलों में युवतियां गंभीर रूप से घायल हुई थीं। आरोपी अकेले में युवती दिखते ही पीछे से कटर या चाकू से हमला कर भाग जाता था।


पत्नी से विवाद के बाद गुस्सा युवतियों पर उतारा


पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसकी पत्नी ने उसे छोड़कर चले जाने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान था। निजी जीवन में तनाव और झगड़े के कारण उसने अपना गुस्सा युवतियों पर निकालना शुरू कर दिया। उसके मोबाइल से अश्लील कंटेंट भी बरामद हुआ है, जिसे देखकर वह युवतियों को निशाना बनाता था। आरोपी नशे का आदी है और भोपाल में मजदूरी करता था, जिसके चलते उसकी पहचान में देरी हुई।


2014 में सागर में भी की थीं 5 वारदातें


खुलासे में बड़ा खुलासा हुआ कि आरोपी देवेंद्र अहिरवार ने 2014 में अपने गृह जिले सागर में भी ऐसी ही 5 वारदातें अंजाम दी थीं, लेकिन तब वह पुलिस के हाथ नहीं आया था। भोपाल की घटनाओं की पूछताछ में उसने सागर की पुरानी वारदातों को भी कबूल लिया है। पुलिस अब उन पुराने मामलों की जांच कर रही है।


पुलिस की जांच और गिरफ्तारी


एडिशनल कमिश्नर अवधेश गोस्वामी ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस ने 100 से ज्यादा संदिग्धों को पूछताछ के लिए पकड़ा, 900 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और करीब 600 पुराने बदमाशों के रिकॉर्ड खंगाले। लोगों की सूचना और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी का पता चला। पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का जुलूस भी निकाला।


पुलिस ने आरोपी का दो दिन का रिमांड लिया है। आगे पूछताछ में उसकी अन्य संभावित घटनाओं का पता लगाया जाएगा। इस गिरफ्तारी से शहर में महिलाओं और छात्राओं में फैला खौफ अब खत्म हो गया है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)