इंदौर, रविकांत वर्मा। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में पहचान छिपाकर नाबालिग लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा सनसनीखेज मामला शहर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां खुद को हिंदू बताकर उत्तर प्रदेश के एक मुस्लिम युवक ने छत्तीसगढ़ की रहने वाली नाबालिग छात्रा को अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी ने न सिर्फ अपनी धार्मिक पहचान छिपाई, बल्कि पीड़िता का शारीरिक शोषण भी किया। युवक की असलियत उजागर होने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और खुद पीड़िता ने उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


परदेशीपुरा थाने से मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान 19 वर्षीय दानिश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी है। वहीं, पीड़िता मूल रूप से छत्तीसगढ़ की रहने वाली है और इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रही है। आरोपी दानिश ने सोशल मीडिया के माध्यम से पीड़िता से संपर्क किया था और खुद का नाम 'साजन' बताकर उससे दोस्ती की थी। आरोपी साजन नाम से ही लगातार पीड़िता से बात करता रहा और उसे गुमराह रखा।


दोस्ती गहरी होने के बाद आरोपी युवक पीड़िता से मिलने के लिए विशेष रूप से उत्तर प्रदेश से इंदौर आया। इंदौर में मुलाकात के दौरान आरोपी ने बहला-फुसलाकर नाबालिग पीड़िता का शारीरिक शोषण किया। इसी दौरान जब पीड़िता के सामने उसकी असलियत आई और पता चला कि लड़का हिंदू नहीं बल्कि मुस्लिम है और उसका असली नाम दानिश है, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़िता ने तत्काल अपने परिजनों और स्थानीय सामाजिक संगठन को इस धोखे की जानकारी दी।


थाने के बाहर हंगामा, सोशल मीडिया पर पिटाई का वीडियो वायरल

युवक की इस करतूत का पता चलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं और खुद आक्रोशित पीड़िता ने आरोपी युवक की बीच सड़क पर जमकर धुनाई कर दी। सोशल मीडिया पर इस पिटाई का वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें पीड़िता भी आरोपी को पीटती नजर आ रही है। इसके बाद परिजन और संगठन के लोग आरोपी को पकड़कर परदेशीपुरा थाने ले गए।


पॉक्सो और धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पीड़िता की शिकायत पर आरोपी दानिश उर्फ साजन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम (धर्मांतरण विरोधी कानून) और भारतीय न्याय संहिता की अन्य गंभीर व सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।


मामले की जानकारी देते हुए इंदौर के एडिशनल डीसीपी (जोन 2) अमरेंद्र सिंह ने बताया कि नाबालिग पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर 19 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों को बुलाकर उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया है। आरोपी दानिश से लगातार पूछताछ की जा रही है और उसके मोबाइल फोन व सोशल मीडिया चैट्स की भी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी संगठित नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से पूरी की जा रही है ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जा सके।