दमोह,राजेन्द्र तिवारी। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब शहजादपुरा–सादपुर मार्ग पर पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। जानकारी के अनुसार, सुबह के समय खेत की ओर जा रहे एक किसान की नजर पुल के नीचे पड़े शव पर पड़ी। घटना से घबराए किसान ने तुरंत इसकी सूचना बटियागढ़ थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है ताकि मृतक की पहचान की जा सके।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और मौत के कारणों का भी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

