पन्ना/अमानगंज, जीतेन्द्र रजक। पन्ना जिले के अमानगंज कस्बे में गुंडागर्दी और बर्बर मारपीट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के अमानगंज के पूर्व मंडल अध्यक्ष सौरभ श्रीवास्तव के पिता पर करीब आधा दर्जन युवकों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत कस्बे के 'श्रीजी होटल' में हुई। होटल में ठहरने के लिए रजिस्टर में एंट्री कराने और कमरे के निर्धारित किराए की मांग करने पर युवकों ने होटल प्रबंधन और पीड़ित से विवाद शुरू कर दिया।
होटल कर्मियों और पीड़ित पक्ष द्वारा वैधानिक प्रक्रिया के तहत आईडी/एंट्री और तय भुगतान की मांग किए जाने पर आरोपी युवक उग्र हो गए। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज में बदल गया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से लैस होकर बुजुर्ग पर अचानक हमला बोल दिया और उन्हें बेरहमी से पीटा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचे, आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। हमले में घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
5 नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस
घटना की सूचना मिलते ही अमानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित पक्ष के बयानों के आधार पर देहाती नालसी दर्ज की। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को नामजद किया है:
- विक्की बुंदेला (निवासी ककरा)
- आकाश भरभूजा (निवासी अमानगंज)
- शुभ शर्मा (निवासी अमानगंज)
- राजाजी उर्फ लवकुश सिंह (निवासी छतरपुर)
- छोटा विक्की (निवासी डहर्रा, पवइयां, थाना अमानगंज)
अमानगंज थाना पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296(बी), 351(3), 324(6), 119(1), 331(6) एवं 3(5) के तहत गंभीर आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
क्षेत्र में भारी जनआक्रोश, आरोपियों की धरपकड़ में जुटी पुलिस
एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार और बुजुर्ग नागरिक के साथ सरेआम हुई इस हिंसक घटना को लेकर अमानगंज एवं आसपास के अंचल में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने कस्बे में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए खुलेआम गुंडागर्दी करने वाले तत्वों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।














