छतरपुर, विनोद मिश्रा। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कांग्रेस नेत्री दीप्ति पाण्डेय ने कलेक्टर को दो अलग-अलग गंभीर मामलों के संबंध में ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पहले मामले में, वर्ष 2017-18 और 2019-20 के दौरान छतरपुर तहसील के हल्का चौका, कैंड़ी, पिपौराखूर्द और काशीपुरा में पदस्थ पटवारियों द्वारा किसानों को मिलने वाली अतिवृष्टि और सूखा राहत राशि के गबन का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन के अनुसार, पटवारियों ने अपने पद का दुरुपयोग कर अमानत में खयानत की और राहत राशि गरीब किसानों के बजाए अपने रिश्तेदारों तथा अपात्र व्यक्तियों के खातों में फर्जी तरीके से अंतरित कर दी। आवेदन में जांच दल गठित कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, गबन की गई राशि की वसूली करने और पीडि़त किसानों को उनका हक दिलाने का आग्रह किया गया है।
वहीं, दूसरे मामले में छतरपुर स्थित शासकीय नवीन आदर्श महाविद्यालय में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के अंतर्गत लगभग 1 करोड़ 95 लाख रुपये की खरीदी में भारी भ्रष्टाचार का खुलासा किया गया है। आरटीआई से मिली जानकारी के आधार पर आरोप लगाया गया है कि महज 90 छात्रों वाले इस कॉलेज में एक विवादित कंपनी से 1.94 करोड़ से अधिक का फर्नीचर व आईसीटी उपकरण खरीदा गया, जिसमें से आधा सामान मौके से गायब है। इस मामले में भी मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर भौतिक सत्यापन एवं जांच दल गठित कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई है।














