छतरपुर, शिवम सोनी। खजवा गोलीकांड से जुड़े मामले में ग्राम खजवा निवासी दीपू विश्वकर्मा उर्फ दीपक ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा और एफआईआर से अपना नाम हटाने की मांग की। युवक का दावा है कि घटना के समय वह घटनास्थल पर मौजूद नहीं था।
आवेदन में दीपू ने बताया कि घटना के समय वह अपने बच्चों के साथ खजुराहो स्थित मतंगेश्वर मंदिर दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद वह नगर पालिका के पास स्थित पार्क में बच्चों के साथ था। इसी दौरान उसके पिता ने फोन कर गांव में मारपीट होने की जानकारी दी। इसके बाद वह सीधे राजनगर थाने पहुंचा और पुलिस को घटना के संबंध में बताया।
दीपू के अनुसार वह डायल-112 के साथ गांव पहुंचा, जहां उसके परिजन घायल अवस्था में मिले। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसका आरोप है कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद नहीं होने के बावजूद उसका नाम एफआईआर में शामिल कर दिया गया।
युवक ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि घटना के समय उसकी वास्तविक लोकेशन की पुष्टि खजुराहो में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मोबाइल में मौजूद तस्वीरों से की जा सकती है। उसने इन साक्ष्यों की जांच कर सत्यता सामने लाने और जांच में निर्दोष पाए जाने पर एफआईआर से उसका नाम हटाने की मांग की है।




