गंधवानी (धार), भानु प्रकाश शर्मा। धार जिले के छोटे से कस्बे गंधवानी के होनहार युवा हर्ष शंकरलाल सोलंकी ने अपनी अटूट मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर एक मिसाल कायम की है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) सहायक कमांडेंट परीक्षा-2025 में हर्ष ने ऑल इंडिया स्तर पर 5वीं रैंक हासिल कर गंधवानी, धार जिले और समूचे मध्य प्रदेश का नाम देश भर में रोशन किया है।
हर्ष ने यह ऐतिहासिक सफलता अपने दूसरे प्रयास में हासिल की है। किसान परिवार से निकलकर देश की इस कठिन परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करने की उनकी कहानी युवाओं के लिए बेहद प्रेरणादायक है।
पिता की बीमारी और संघर्ष भी नहीं डिगा सका हौसला
हर्ष की यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने बेहद विषम परिस्थितियों का सामना करते हुए पढ़ाई जारी रखी। उनके पिता शंकरलाल सोलंकी, जो एक साधारण किसान हैं, लंबे समय से लकवा (Paralytic Attack) की बीमारी से पीड़ित हैं। पिता के इलाज के लिए हर्ष को लंबे समय तक अस्पताल में रहना पड़ा। एक तरफ जहाँ उन्होंने समर्पित पुत्र की तरह अस्पताल में पिता की दिन-रात सेवा की, वहीं दूसरी तरफ अपने सपने को भी ओझल नहीं होने दिया। उन्होंने अस्पताल के कमरों में बैठकर ही परीक्षा की तैयारी की और विषम परिस्थितियों को अपनी ढाल बनाया।
दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से ली शिक्षा, BSF बनी पहली पसंद
हर्ष ने अपनी उच्च शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हिंदू कॉलेज से पूरी की है। स्नातक के बाद उन्होंने देश सेवा के उद्देश्य से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू की। पहले प्रयास में असफलता मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी कमियों को सुधारते हुए दूसरे प्रयास में ऑल इंडिया 5वीं रैंक हासिल की। अपनी प्राथमिकता के बारे में बात करते हुए हर्ष ने बताया कि उनकी पहली पसंद सीमा सुरक्षा बल (BSF) में सेवा देने की है। देश की सीमाओं की सुरक्षा करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात होगी। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के अटूट सहयोग और निरंतर अभ्यास को दिया है।
गंधवानी में जश्न का माहौल, सीरवी समाज ने जताया गर्व
हर्ष की सफलता की खबर जैसे ही गंधवानी पहुँची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके निवास पर बधाई देने वालों, समाजजनों और मित्रों का तांता लग गया। अखिल भारतीय सीरवी समाज ने हर्ष सोलंकी की इस शानदार सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने परिश्रम से पूरे समाज का मान बढ़ाया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उन्हें मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल और गौरवशाली भविष्य की कामना की।




