सतना, सजल कुमार रजक । टिकुरिया टोला क्षेत्र में गणेश स्थापना को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। गणेश स्थापना के लिए की गई साज-सज्जा और झंडी लगाने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद की सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस के साथ विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।


जानकारी के अनुसार, टिकुरिया टोला स्थित कब्रिस्तान के पास गुप्ता कॉलोनी क्षेत्र में गणेश स्थापना के लिए साज-सज्जा की गई थी। इसी दौरान झंडी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच मनमुटाव हो गया। आरोप है कि गणेश स्थापना के लिए की गई साज-सज्जा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिसके बाद मौके पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।


सूचना मिलते ही कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के लोगों से चर्चा की। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। मौके पर लगाई गई झंडी को भी हटा दिया गया।


फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद को शांत कराया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।