इंदौर (रविकांत वर्मा)। शहर के छत्रीपुरा थाना क्षेत्र स्थित कंजर मोहल्ला में बीती रात मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। सड़क पर लोडिंग रिक्शा खड़ा करने को लेकर हुई बहस के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, विवाद तब शुरू हुआ जब रोहित नामक व्यक्ति ने सड़क पर अपना लोडिंग रिक्शा खड़ा किया। रिक्शा हटाने की बात पर हुई कहासुनी के दौरान रोहित ने दूसरे पक्ष के एक युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों गुटों के लोग इकट्ठा हो गए और देखते ही देखते पत्थरबाजी शुरू हो गई। पथराव में दोनों पक्षों के लगभग 7 से 8 लोग चोटिल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और छत्रीपुरा थाने का बल मौके पर पहुँचा और स्थिति को काबू में किया। थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और अब तक 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

