छतरपुर/सटई (तौफीक अहमद)। सटई थाना क्षेत्र के ग्राम सिगरामपुरा में दो दिन से लापता 22 वर्षीय युवक मनीराम रैकवार का खून से लथपथ शव जंगल स्थित बरगा हार नाले से बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक की पहले गला घोंटकर हत्या की गई और बाद में पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को नाले में फेंककर पत्थरों से ढक दिया गया। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


थाना प्रभारी सुनीता बिंदुआ ने बताया कि 9-10 तारीख की दरमियानी रात मनीराम रैकवार के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। शुक्रवार शाम सूचना मिली कि बरगा हार नाले में एक अज्ञात शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त मनीराम रैकवार के रूप में की। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका व्यक्त की गई है।


घटना के बाद शनिवार सुबह परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सहित विभिन्न मांगों को लेकर पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और सटई बस स्टैंड पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में नायब तहसीलदार इन्द्र कुमार गौतम एवं थाना प्रभारी सुनीता बिंदुआ ने समझाइश देकर परिजनों को शांत कराया। प्रशासन द्वारा आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम समाप्त हुआ।


मृतक के चाचा जमुना रैकवार ने अपने भतीजे की हत्या का संदेह उसकी पत्नी पर जताया है। उन्होंने बताया कि मनीराम परिवार का इकलौता वारिस था और मात्र दो माह पूर्व उसका विवाह पलकौहा निवासी रोशनी से हुआ था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।


सटई बीएमओ डॉ. महेश त्रिवेदी ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान प्रथम दृष्टया प्रतीत हुआ है कि मृतक की पहले गला घोंटकर हत्या की गई। इसके अलावा गले पर किसी नुकीली वस्तु से तीन वार किए जाने के निशान भी मिले हैं। उन्होंने कहा कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।


थाना प्रभारी सुनीता बिंदुआ ने बताया कि पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है और हत्या के कारणों सहित पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।