मैहर। मैहर जिले के ग्राम बिगौड़ी में दो सगी नाबालिग बहनों के बाल विवाह की कोशिश को प्रशासन ने समय रहते नाकाम कर दिया। खास बात यह रही कि इस विवाह की सूचना 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के प्रेमी ने ही चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर पर कॉल करके दी थी। सूचना मिलते ही अमरपाटन एसडीएम आरती सिंह के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची। महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी नागेंद्र प्रताप सिंह त्रिपाठी और ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने पुलिस बल के साथ ग्राम बिगौड़ी में दबिश दी। वहां 15 और 13 साल की दो सगी बहनों के विवाह की रस्में चल रही थीं। अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर कार्यक्रम रुकवाया और परिजनों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत होने वाली कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।


प्रशासन की कड़ी समझाइश के बाद माता-पिता ने अपनी गलती स्वीकार की और लिखित आश्वासन दिया कि वे बेटियों की आयु 18 वर्ष पूर्ण होने से पहले उनका विवाह नहीं करेंगे। मौके पर पंचनामा तैयार कर परिजनों को हिदायत दी गई कि वे बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर ध्यान दें। इस कार्यवाही से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।