इंदौर, रविकांत वर्मा। मल्हारगंज थाना क्षेत्र में छह महीने पहले शादी हुई नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। जांच के दौरान दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने के आरोप सामने आने पर पुलिस ने मृतका शालिनी मोरे के पति, सास और ससुर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने आरोपी पति लोकेश और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले मल्हारगंज थाना क्षेत्र में शालिनी मोरे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को शालिनी को दहेज के लिए ससुराल पक्ष द्वारा परेशान किए जाने की जानकारी मिली।
पुलिस के मुताबिक, शालिनी और लोकेश की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही शालिनी को दहेज की मांग को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
जांच के बाद मल्हारगंज पुलिस ने पति लोकेश, उसकी मां और पिता के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी लोकेश और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।














