सतना, अंबिका केशरी। सतना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर नशे की हालत में एक यात्री ने जमकर हंगामा किया और ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के प्रधान आरक्षक पर हमला कर दिया। रेलवे ट्रैक पार करने से रोकने और समझाइश देने से नाराज यात्री ने प्रधान आरक्षक के हाथ से लाठी छीन ली और उसी से उन पर कई वार कर दिए। मौके पर मौजूद अन्य आरपीएफ जवानों ने तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपी को काबू में लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आरपीएफ के अनुसार आरोपी की पहचान बिहारी लाल (36) पिता गया प्रसाद, निवासी ग्राम बौली, जिला कौशांबी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह किसी ट्रेन से सतना रेलवे स्टेशन पर उतरा था और नशे की हालत में रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह ट्रैक पर गिर गया। ड्यूटी पर मौजूद प्रधान आरक्षक जी.एन. सिंह और अन्य जवानों ने उसे सुरक्षित ट्रैक से बाहर निकालकर प्लेटफॉर्म पर पहुंचाया तथा रेलवे नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
समझाइश से नाराज आरोपी ने अचानक प्रधान आरक्षक जी.एन. सिंह के हाथ से लाठी छीन ली और उन पर हमला कर दिया। उसने लगातार कई वार किए, जिससे प्लेटफॉर्म पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि अन्य आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया।
आरपीएफ ने बताया कि आरोपी के साथ उसका एक अन्य साथी भी यात्रा कर रहा था। घटना के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।














