मैहर, नरेन्द्र पटेल। जिले में पिछले करीब एक सप्ताह से विचरण कर रहा हाथी अब गांवों के खेतों तक पहुंच गया है। देर रात गोरसरी गांव में E5 हाथी के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हाथी ने खेतों में घुसकर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति की आशंका है।


हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले जाने और सुरक्षित रेस्क्यू करने की कवायद शुरू की। वन विभाग के कर्मचारी हाथी की लगातार निगरानी कर उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।


पिछले कई दिनों से क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वहीं खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचने से किसान भी चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को जल्द सुरक्षित तरीके से क्षेत्र से दूर ले जाने और फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर उचित कार्रवाई की मांग की है।