भोपाल। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को प्रदेश के 30 जिलों में हीटवेव यानी लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी अधिक बना रहेगा और कई जिलों में पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। निमाड़, मालवा, ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्मी की चपेट में हैं। गुरुवार को नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं भोपाल में 43.4 डिग्री, उज्जैन में 44 डिग्री, इंदौर में 43 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री और ग्वालियर में 41.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ सिस्टम सक्रिय है, जिसके कारण 18-19 मई तक गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है। खासतौर पर इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास और धार जिलों में 15 से 17 मई के बीच तीव्र लू चलने की संभावना जताई गई है।


इन जिलों में लू का अलर्ट

रायसेन, राजगढ़, नर्मदापुरम, हरदा, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सतना, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।


रात में भी नहीं मिल रही राहत

इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास और धार में “वॉर्म नाइट” की स्थिति बनने की संभावना है। यानी रात के समय भी तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।


मौसम विभाग की सलाह

दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें

ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थ लें

हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें

बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें

लू के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें