बालाघाट, रितेश सोनी। जिले के कटंगी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत परसवाड़ा घाट में सहकारिता कार्यालय भवन का निर्माण वर्षों बाद भी पूरा नहीं हो सका है। हालात यह हैं कि सेवा सहकारी समिति के कर्मचारी पुराने और जर्जर भवन में टूटी तथा बारिश में टपकती छत के नीचे बैठकर किसानों से जुड़े जरूरी कार्य करने को मजबूर हैं। भवन की आधी छत पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे यहां हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।


जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2022-23 में परसवाड़ा घाट में सहकारिता कार्यालय सह गोदाम के निर्माण के लिए करीब 14 लाख 30 हजार रुपये की स्वीकृति जारी की गई थी। निर्माण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत परसवाड़ा घाट को सौंपी गई, लेकिन निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण नया भवन अब तक पूर्ण नहीं हो पाया है।


बारिश के दिनों में पुराने कार्यालय की स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। छत से पानी टपकने के कारण कर्मचारी तिरपाल लगाकर काम कर रहे हैं। वहीं सरकारी दस्तावेजों और रासायनिक खाद को बारिश से बचाने के लिए पन्नी और तिरपाल का सहारा लिया जा रहा है। कर्मचारियों के मुताबिक जर्जर भवन की हालत ऐसी है कि इसके किसी भी समय क्षतिग्रस्त होकर गिरने का खतरा बना हुआ है।


स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि बजट स्वीकृत होने और निर्माण शुरू होने के बावजूद भवन को समय पर पूरा क्यों नहीं कराया गया। जिम्मेदार अधिकारियों से निर्माण कार्य में तेजी लाने और कर्मचारियों के लिए सुरक्षित कार्यस्थल उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है।


वहीं इस मामले को लेकर स्थानीय भाजपा विधायक गौरव पारधी की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि क्षेत्र की स्थिति से अवगत होने के बावजूद अधूरे भवन के निर्माण को लेकर अपेक्षित पहल नहीं की गई। अब कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को इंतजार है कि जिम्मेदार विभाग कब अधूरे भवन का निर्माण पूरा कर जर्जर कार्यालय में काम करने की मजबूरी से राहत दिलाता है।