छतरपुर। जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने छतरपुर जिले में निरंतर हो रही तापमान वृद्धि और लू के खतरों को ध्यान में रखते हुए नर्सरी से कक्षा 5वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया है। यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है।


कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध विद्यालयों में यह अवकाश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कक्षा नर्सरी से 5वीं तक के बच्चों के लिए स्कूल पूरी तरह बंद रहेंगे, हालांकि इस दौरान समस्त शिक्षकों को पूर्व की भांति विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। यह आदेश इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले कुछ दिनों से छतरपुर और खजुराहो का तापमान 44 डिग्री के पार बना हुआ है, जिससे छोटे बच्चों के बीमार होने का खतरा बढ़ गया था।


प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि दोपहर के समय बढ़ती तपिश के कारण बच्चों को स्कूल से घर वापस लाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वर्तमान में छतरपुर जिला प्रदेश के सबसे गर्म क्षेत्रों में शुमार है, जिसे देखते हुए आने वाले दिनों में अन्य कक्षाओं के समय में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।


Latter