भोपाल, जीतेन्द्र यादव। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के किसान लगातार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं बेच दिया है, लेकिन सरकार की ओर से समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा, जिसके कारण किसान केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) का ऋण नहीं चुका पा रहे हैं और डिफॉल्टर होते जा रहे हैं।


पीसी शर्मा ने कहा कि सरकार की लापरवाही का सीधा असर किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों से 2700 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदी का वादा किया था, लेकिन वादा पूरा नहीं किया गया। इससे किसानों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को जल्द भुगतान नहीं मिला तो प्रदेशभर में कांग्रेस किसानों के समर्थन में आंदोलन करेगी। कांग्रेस नेता ने सरकार से किसानों का बकाया भुगतान तत्काल जारी करने की मांग की है।