सतना, अंबिका केशरी। समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने वाले किसानों की फजीहतें रुकने का नाम नहीं ले रहीं। कोई किसान स्लॉट बुकिंग के लिए सर्वर से परेशान हैं तो कुछ किसानों के लिए खरीदी केंद्र शिफ्टिंग समस्या बन गई। ऐसा ही हाल जिले के नागौद विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम वसुधा के गेहूं खरीदी केंद्र का है। विपणन सहकारी समिति मढ़ी कला नागौद को गेहूं खरीदी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी और इसके लिए वसुधा-2 को खरीदी केंद्र बनाया गया था। किसानों के अनुसार स्लॉट बुकिंग के बाद करीब एक सप्ताह तक खरीदी सुचारु रूप से चली, लेकिन इसके बाद अचानक केंद्र शिफ्ट कर दिया गया। किसानों का आरोप है कि जिनका स्लॉट पहले से बुक था, उनका गेहूं अब नहीं खरीदा जा रहा है, जबकि कई किसान अपना गेहूं पहले ही खरीदी स्थल तक पहुंचा चुके हैं। प्रशासन की ओर से बताया जा रहा है कि वसुधा खरीदी केंद्र को साइलो बैग रेऊरा फार्म में मर्ज कर दिया गया है। इस फैसले से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। उनका कहना है कि एक बार परिवहन का खर्च उठाकर गेहूं केंद्र तक लाने के बाद अब दोबारा दूसरी जगह ले जाना आर्थिक रूप से भारी पड़ रहा है और इससे अतिरिक्त परेशानियां भी बढ़ रही हैं। इसी के विरोध में सभी प्रभावित किसान खरीदी केंद्र वसुधा पर ही धरने पर बैठ गए हैं। इस दौरान किसानों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं और वसुधा खरीदी केंद्र को यथावत चालू नहीं किया गया, तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे।