दमोह, राजेन्द्र तिवारी। दमोह जिले के सलैया (एरोरा) गांव में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर उस समय जानलेवा हमला हो गया, जब वे शासकीय कार्य के तहत गांव में महिलाओं से जनसंपर्क कर रही थीं। हमले में 55 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राधाबाई लोधी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उनके दोनों हाथों में फ्रैक्चर आया है और कमर में गंभीर चोटें लगी हैं। जिला अस्पताल दमोह में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया है।


शासकीय कार्य के दौरान गांव में किया गया हमला

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सलैया (एरोरा) के आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता के पद पर पदस्थ राधाबाई लोधी (पति गुंठाई लोधी) को महिला एवं बाल विकास विभाग दमोह द्वारा 10 अगस्त 2026 तक 'मातृ सहयोगिनी समिति' का गठन करने के निर्देश मिले थे। इसी विभागीय आदेश के परिपालन में वे गांव में घूम-घूमकर महिलाओं से जनसंपर्क कर रही थीं। जब वे आंगनबाड़ी केंद्र के सामने स्थित गीताबाई के घर के पास पहुँचीं, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।


पुरानी रंजिश में तीन लोगों ने लाठी-डंडों से पीटा

आरोप है कि गांव के ही राहुल लोधी, रतन लोधी और बैजंती बाई लोधी ने पुरानी रंजिश के चलते राधाबाई को घेर लिया और लाठी-डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग खून से लथपथ कार्यकर्ता को तत्काल दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुँचे।


दोनों हाथ टूटने पर जबलपुर किया गया रेफर

दमोह जिला अस्पताल के प्रबंधक डॉ. वीरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़िता के दोनों हाथों में गंभीर फ्रैक्चर हैं और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक डॉक्टरी सहायता देने के उपरांत उन्हें तुरंत जबलपुर के उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने पीड़िता व चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।