भोपाल, जितेंद्र यादव। भोपाल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने दो दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान शहर के 10 प्रमुख होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान कई नामचीन होटलों के किचन में एक्सपायरी, सड़ी-गली और कीटग्रस्त (कीड़े लगी) खाद्य सामग्री पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया।
प्रमुख होटलों में मिलीं गंभीर कमियां
जांच टीम को शहर के प्रतिष्ठित होटलों के किचन में स्वच्छता मानकों की भारी अनदेखी और घटिया खाद्य सामग्री मिली: किचन में करीब 50 किलोग्राम सड़े हुए आलू मिले, जिन्हें अधिकारियों ने तुरंत मौके पर विनष्ट (डिस्पोज) करवाया। यहां जांच के दौरान एक्सपायरी डेट की फिश (मछली) और चिकन पाए गए, जिस पर संस्थान को सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी की गई। राशन भंडार में कीटग्रस्त (कीड़े लगी) मूंग दाल और राजमा बरामद किए गए। रसोई में सड़े हुए मशरूम और खराब सब्जियां मिलने पर कड़ी कार्रवाई की गई। यहां एक्सपायरी ब्रेड का उपयोग पाया गया, जिस पर प्रबंधन को नियमानुसार सुधार के सख्त निर्देश दिए गए।
वैधानिक सैंपल जब्त, लैब रिपोर्ट के आधार पर होगी अगली कार्रवाई
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने किचन की स्वच्छता के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की: होटलों से पनीर, मटन और अन्य संदिग्ध खाद्य सामग्रियों के वैधानिक नमूने (सैंपल) एकत्र कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कई प्रतिष्ठानों में खाद्य लाइसेंस का प्रदर्शन न करने, उत्पादों पर अनुचित लेबलिंग और गंदगी पाई गई। अधिकारियों ने किचन में खाना बनाने व परोसने वाले कर्मचारियों (फूड हैंडलर्स) के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और परिसर में पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था के रिकॉर्ड भी जांचे।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से शहर के होटल व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने साफ किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।














