सतना, सजल कुमार रजक। खेत से सिंचाई मोटर और केबल चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 60 हजार रुपए कीमत की 5 हॉर्स पावर की सिंचाई मोटर और केबल बरामद की है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।


पुलिस के मुताबिक मनटोला निवासी 67 वर्षीय महेश प्रसाद यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने धान की फसल की सिंचाई के लिए अपने खेत में मोटर लगाई थी। 14 अगस्त 2026 की सुबह खेत पहुंचने पर मोटर और केबल गायब मिली। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात में अहरी टोला निवासी हरिओम रावत शामिल है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने भाई शिवम रावत, रामलखन आदिवासी और शिवम प्रजापति के साथ मिलकर मोटर और केबल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया।


पुलिस ने मामले में हरिओम रावत (29), शिवम रावत (21), रामलखन आदिवासी (19) और शिवम प्रजापति (19) को गिरफ्तार किया है। चारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।