अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। प्रदेश सरकार द्वारा खरीफ फसलों की बोनी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किसानों को मुफ्त बीज किट उपलब्ध कराने की योजना का लाभ जमीनी स्तर पर पहुंचाया जा रहा है। अजयगढ़ विकासखंड में कृषि विभाग द्वारा पात्र किसानों को ऑनलाइन पंजीयन के आधार पर पारदर्शी तरीके से बीज किट वितरित की जा रही है।
दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाले किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए कृषि विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर बीज किट उपलब्ध करा रही है। वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी अरुण पाल बागरी के नेतृत्व में विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार बीज वितरण कार्य में जुटे हुए हैं। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक पात्र किसानों तक योजना का लाभ पहुंच सके।
कृषि विभाग का कहना है कि सरकार की इस पहल से किसानों को खरीफ फसलों की समय पर बुवाई करने में सुविधा मिल रही है। वहीं, मुफ्त बीज वितरण योजना से किसानों में उत्साह देखा जा रहा है और वे शासन की इस पहल की सराहना कर रहे हैं।














