मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर, निर्माता और होस्ट करण जौहर एक बार फिर रियलिटी स्ट्रीमिंग शो 'द ट्रेटर्स' के दूसरे सीजन के साथ वापसी कर रहे हैं। शुक्रवार को शो का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसमें सस्पेंस, धोखा, रणनीति और रोमांच का जबरदस्त मेल देखने को मिला। ट्रेलर के साथ करण ने दूसरे सीजन को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं। उनका कहना है कि इस बार का खेल पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल और चुनौतिपूर्ण होने वाला है।

ट्रेलर की बात करें, तो वीडियो में आलीशान, लेकिन रहस्यपूर्ण महल दिखाई देता है, जहां हर खिलाड़ी के चेहरे पर मुस्कान है, लेकिन उसके पीछे क्या चल रहा है, इसका अंदाजा लगाना आसान नहीं है। शो की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यहां हर बातचीत, हर मुस्कान और हर रिश्ता किसी नई साजिश की शुरुआत हो सकता है। ट्रेलर में करण जौहर अपने खास अंदाज में कहते हैं- ''यह महल किसी सपने जैसा लगता है... और मैं इस सपने को डरावने ख्वाब में बदलने का इंतजार नहीं कर सकता।'' उनके इस डायलॉग से साफ है कि इस बार दर्शकों को पहले से कहीं ज्यादा रोमांच और सस्पेंस देखने को मिलेगा।

दूसरे सीजन में मनोरंजन, सोशल मीडिया, फैशन और अन्य क्षेत्रों से जुड़े 21 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स हिस्सा ले रहे हैं। इनमें आदित्य कुलश्रेष्ठ उर्फ कुल्लू, अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान, अंश चोपड़ा, दलीप ताहिल, हरमन सिंघा, इक्का सिंह, करण सिंह मैजिक, क्रिस्टल डिसूजा, मल्लिका शेरावत, मुनव्वर फारुकी, पारुल गुलाटी, प्रिश, रणवीर बराड़, रिया चक्रवर्ती, रिदा थराना, साहिल सलाथिया, शाहनील गिल, शालिनी पासी, श्वेता तिवारी, सौंदूस मोफाकिर और तान्या पुरी शामिल हैं। सभी प्लेयर्स एक ही लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे, लेकिन यहां जीत उसी की होगी जो अपने दिमाग, धैर्य और रणनीति का सबसे बेहतर इस्तेमाल करेगा।

करण जौहर ने पहले सीजन की सफलता का जिक्र करते हुए कहा, '''द ट्रेटर्स' ने पारंपरिक रियलिटी शोज की भीड़ में अपनी अलग पहचान बनाई थी। पहले सीजन को जिस तरह का प्यार और समर्थन मिला, उससे पता चलता है कि दर्शक अब सिर्फ सामान्य टास्क या ड्रामे वाले रियलिटी शो नहीं, बल्कि ऐसा कंटेंट भी देखना चाहते हैं जहां हर पल कहानी बदलती रहे। दूसरे सीजन में हमें दर्शकों को पहले से कहीं बड़ा और बेहतर अनुभव देना होगा। इसलिए इस बार खेल को ज्यादा तेज, ज्यादा मुश्किल और पूरी तरह अप्रत्याशित बनाया गया है।''

करण ने आगे बताया, ''इस बार सभी खिलाड़ी शो के नियम, ट्विस्ट और ट्रैप्स को पहले से जानते थे। वे अपनी-अपनी रणनीति बनाकर आए थे। उनकी समझ, उनकी तैयारी और जीतने की इच्छा ने कई बार मुझे भी हैरान कर दिया। कई मौके ऐसे आए, जब खिलाड़ियों ने ऐसे फैसले लिए जिनकी मैंने बिल्कुल उम्मीद नहीं की थी।''

करण जौहर ने कहा, ''दर्शक इस बार रिश्तों का ऐसा रूप देखेंगे, जहां दोस्ती पलभर में टूट सकती है और भरोसा कुछ ही मिनटों में शक में बदल सकता है और मजबूत गठबंधन बिखर सकता हैं। यही 'द ट्रेटर्स' की असली खूबसूरती है। जब आपको लगता है कि आपने खेल को समझ लिया है, तभी पूरा खेल अचानक बदल जाता है।''

होस्ट के तौर पर अपने अनुभव बताते हुए करण ने कहा, ''इस पूरे सफर को मैंने बहुत करीब से देखा है। कई घटनाएं ऐसी हुईं जिनके लिए मैं खुद भी तैयार नहीं था। मुझे लगता था कि मैं खेल की दिशा समझ चुका हूं, लेकिन हर बार खिलाड़ियों ने कुछ ऐसा किया जिसने पूरी कहानी बदल दी। इसलिए मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि दर्शक भी खुद को तैयार रखें, क्योंकि इस बार उन्हें ऐसा अनुभव मिलने वाला है जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी।''

'द ट्रेटर्स' का दूसरा सीजन 13 अगस्त से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा।