लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का एक अजीबोगरीब और चौंकाने वाला बयान सामने आया है, जिसमें वे खुले मंच से लोगों को नौकरी के चक्कर में न पड़ने और ई-रिक्शा चलाने की नसीहत देते नजर आ रहे हैं। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि दूसरों की नौकरी करने से अच्छा है कि व्यक्ति अपना ई-रिक्शा चलाए, जिससे वह अपने परिवार और बच्चों को भी समय दे सकेगा और अपनी मर्जी का मालिक रहेगा। हैरानी की बात यह है कि जब डिप्टी सीएम मंच से नौकरी छोड़ ई-रिक्शा चलाने की पैरवी कर रहे थे, उस वक्त मंच पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।


'नौकरी के चक्कर में मत पड़ो, चार घंटा ई-रिक्शा चलाओ': डिप्टी सीएम का बयान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने खुले तौर पर कहा— ई-रिक्शा ले लो, खूब चलाओ और खूब पैसे कमाओ। नौकरी के चक्कर में मत पड़ो। अपना चार घंटा चलाओ, दोपहर में लड़के-बच्चे के साथ रहो। दूसरों की नौकरी करोगे तो क्या बच्चों के साथ बैठ पाओगे दो घंटा? उन्होंने आगे कहा कि किसी दूसरे के यहां नौकरी करने में हमेशा दूसरों के हिसाब से चलना पड़ता है और इंसान बंधकर रह जाता है, जबकि अपना काम करने में पूरी आजादी रहती है।


यह भी पढि़ए: देशभर में आज से होने वाली 3 दिवसीय बैंक हड़ताल टली:IBA और बैंक यूनियनों की देर रात बैठक में बनी सहमति, 5-डे वर्किंग पर बनेगी हाई लेवल कमेटी


दिए कमाई और आराम के टिप्स: 'पराधीन सपनेहु सुख नाहीं'

डिप्टी सीएम ने मंच से ई-रिक्शा चलाने के फायदे और तरीके भी गिनाए। उन्होंने कहा आखिरी की सवारी घर के पास वाली लो। दो बज गया, खाना खाने का समय हो गया तो अपने घर के पास वाली सवारी ली। दो घंटा बच्चों के साथ खाए-पिए, सोए, आराम किए और फिर निकल गए 10 बजे तक के लिए... रुपया अपने घर का। अपने वक्तव्य के समर्थन में उन्होंने रामचरितमानस की चौपाई का हवाला देते हुए कहा कि "पराधीन सपनेहु सुख नाहीं" यानी पराधीनता में कभी सुख नहीं मिल सकता, इसलिए नौकरी के फेर में पड़ने के बजाय खुद का रिक्शा चलाना कहीं बेहतर विकल्प है।


बयान पर छिड़ी बहस, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

मंच से डिप्टी सीएम द्वारा नौकरी के मुकाबले ई-रिक्शा चलाने को प्राथमिकता देने वाला यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवाओं को रोजगार और नौकरियां देने के सरकारी दावों के बीच उप मुख्यमंत्री द्वारा सीधे तौर पर 'नौकरी के चक्कर में न पड़ने' की बात कहे जाने को लेकर सियासी हलकों और आम जनता के बीच तीखी बहस छिड़ गई है। लोग उनके इस बयान का वीडियो जमकर साझा कर रहे हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।