नागोया। भारत की नीरू ढांडा ने चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद मंगलवार को आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता, जिसके बाद कोच पीटर विल्सन ने नीरू के जबरदस्त संयम की तारीफ की।

क्वालिफिकेशन में टॉप करने वाली ढांडा ने फाइनल में 28 हिट लगाकर भारत के लिए ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीता। कोच विल्सन के अनुसार, यह उपलब्धि और भी अहम है, क्योंकि 26 वर्षीय खिलाड़ी प्रतियोगिता से दो हफ्तों पहले बीमारी से जूझ रही थीं।

नीरू की जीत के बाद विल्सन ने पत्रकारों से कहा, "यह उतार-चढ़ाव भरा सफर रहा है। नीरू सिर्फ 10-12 दिन पहले बहुत बीमार थीं और ऐसा लग रहा था कि वह शायद एशियन गेम्स में हिस्सा भी नहीं ले पाएंगी। उन्होंने तैयारी के दौरान कोई ट्रेनिंग नहीं की थी। अब यहां पहुंचकर, उन्हें सबसे आगे देखकर अच्छा लगा। ये तीन दिन बहुत मुश्किल और लंबे रहे। इसके बाद जिस तरह से उन्होंने 30 में से 28 शॉट लगाए, मैं उनके लिए इससे ज्यादा खुश नहीं हो सकता।"

ब्रिटिश ओलंपिक चैंपियन विल्सन ने कहा कि फाइनल में असाधारण एकाग्रता की जरूरत थी, क्योंकि लगातार बारिश और कम होती रोशनी ने हालात को और मुश्किल बनाया। उन्होंने कहा, "हालात सच में बहुत मुश्किल थे। पूरे दिन बारिश होती रही। अच्छी बात ये है कि बारिश रुक गई, लेकिन अंधेरा हो रहा था। यानी सिर्फ बारिश हो रही थी, बल्कि रोशनी भी कम थी। इससे काम और मुश्किल हो जाता है। गन के साथ सही तालमेल बिठाना मुश्किल हो जाता है। जब आप राइफल की रिब (ऊपरी हिस्से) से निशाना साधते हैं, तो बारिश की बूंदें उस पर टकराती हैं। आप भीग जाते हैं, बारिश का पानी गर्दन के पीछे से नीचे बहता है। यह वाकई बहुत मुश्किल होता है।"

जैसे-जैसे फाइनल आगे बढ़ा और शूटर एक-एक करके बाहर होते गए, दबाव बढ़ता गया। ढांडा को एक और मुश्किल का सामना करना पड़ा जब उन्हें एक शॉट लेने में ज्यादा समय लगाने के लिए 'येलो कार्ड' मिला; विल्सन ने जूरी के सामने इस फैसले को चुनौती दी।

"इस दौरान, लोग बाहर होते जा रहे थे। आप 10 के ग्रुप में जाते हैं, फिर 5-5 के ग्रुप में। उस पल में, उन्हें गोल्ड जीतने के लिए बस एक और टारगेट की जरूरत थी। तभी उन्हें ज्यादा समय लेने के लिए येलो कार्ड दे दिया गया, जो मुझे बहुत गलत लगा, क्योंकि उन्होंने टाइमर बहुत जल्दी शुरू कर दिया था। मैंने जूरी के सामने आपत्ति जताई, उन्होंने टाइमर ठीक किया। नीरू कमाल की थीं। वह सबसे ज्यादा शांत थीं। उन्होंने खुद को संभाला और शूट किया।"

विल्सन के लिए, फाइनल से पहले सबसे जरूरी बात यह थी कि ढांडा पर इस मौके की अहमियत का बोझ न डाला जाए, भले ही वह क्वालिफिकेशन में टॉप पर रही थीं। उन्होंने कहा, "बस डटे रहो और एक बार में एक टारगेट पर ध्यान दो। यह सुनने में आसान है, लेकिन करना मुश्किल। बेशक, मन में और भी बातें चलती रहती हैं, लेकिन आपको उन्हें रोकना होता है और ध्यान वापस इसी पल पर लाना होता है। बस वर्तमान में जियो और एक बार में एक टारगेट पर ध्यान दो।"