छतरपुर, संदीप यादव। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजवा में एक 19 वर्षीय युवती पर गांव के ही युवक ने चाकू और हसिया से हमला कर दिया। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार घायल पूजा अहिरवार (19 वर्ष) पिता भोला अहिरवार निवासी ग्राम खजवा शाम करीब 6:30 बजे शौच क्रिया के लिए खेत पर गई थी। बताया गया है कि जब युवती वापस अपने घर लौट रही थी, तभी गांव के रहने वाले आरोपी घंसु अहिरवार ने रास्ते में रोककर उस पर चाकू और हसिया से हमला कर दिया। हमले में युवती के चेहरे, गर्दन, सिर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवती को निजी वाहन से राजनगर थाना लेकर पहुंचे। जहां पुलिस ने पहले युवती का उपचार कराने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे राजनगर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया।
परिजन 108 एम्बुलेंस की मदद से युवती को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर राजेश कुमार मिश्रा ने उपचार के बाद उसे ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया। फिलहाल युवती का इलाज जारी है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।




