सतना। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार को सतना दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव, प्रदेश में कुपोषण, केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर कई सवाल उठाए। प्रेस वार्ता में जीतू पटवारी ने पश्चिम बंगाल चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वहां लोकतंत्र की खुलेआम हत्या हुई है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए अधिकारियों के तबादले तक किए गए और लाखों मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हुए। पटवारी ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और यदि इस पर सवाल उठेंगे तो जनता का भरोसा कमजोर होगा।


प्रदेश में कुपोषण के मुद्दे पर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र समेत सतना जिले में कुपोषण की स्थिति गंभीर बनी हुई है, लेकिन सरकार केवल कागजी दावे कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि 40 रुपए में किसी बच्चे का पोषण कैसे संभव है। पटवारी ने आरोप लगाया कि पोषण योजनाओं में भ्रष्टाचार हो रहा है और वास्तविक लाभ जरूरतमंद बच्चों तक नहीं पहुंच रहा।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने और सोना नहीं खरीदने की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए जीतू पटवारी ने केंद्र सरकार पर व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे मॉडल की ओर ले जाया जा रहा है, जहां लोगों को खर्च कम करने और विदेश यात्रा तक सीमित करने की सलाह दी जा रही है। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को देश का “सबसे कमजोर प्रधानमंत्री” बताते हुए बड़ा राजनीतिक बयान दिया। पटवारी ने मध्यप्रदेश सरकार को “पर्ची वाली सरकार” बताते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की सत्ता दिल्ली से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह चला रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने एपस्टीन फाइल का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में कई बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।