ईशानगर,शिवाकांत मिश्रा। जिले के ईशानगर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कूड़नताल धाम में बुधवार 29 अप्रैल 2026 से श्री श्री 1008 संगीतमय श्रीमद भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। पहले दिन विधि-विधान के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में जयकारों और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया।


कलश यात्रा के पश्चात श्रीगणेश पूजन कर भागवत कथा की विधिवत बैठक स्थापित की गई। आयोजन समिति के अनुसार यह सात दिवसीय कथा 5 मई 2026 तक चलेगी, जिसमें प्रतिदिन श्रद्धालु कथा श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित करेंगे।


इस ज्ञान यज्ञ में प्रसिद्ध कथा व्यास आचार्य देवेन्द्र मिश्रा जी (मुन्ना महाराज, पहाड़गांव) अपने मुखारविंद से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का वर्णन करेंगे। उनकी प्रभावशाली वाणी को सुनने के लिए क्षेत्र में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।


समापन अवसर पर 5 मई को पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कूड़नताल धाम समिति एवं आयोजक कुंडलताल सरकार ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का श्रवण करने और धर्म लाभ लेने की अपील की है।