छतरपुर, विनोद मिश्रा। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां देरी गांव के समीप खीर महेरी पुरवा स्थित एक तलैया में 21 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पानी में उतराता हुआ मिला। मृतक की पहचान देरी गांव निवासी जय सिंह यादव के रूप में हुई है। युवक दो बहनों का इकलौता भाई और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घर के इकलौते चिराग की असमय और संदिग्ध मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम व तनाव का माहौल बन गया।
मृतक के पिता बृजेश यादव ने रुंधे गले से घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जय सिंह बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और स्वयं भी उसकी संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी। गुरुवार की शाम परिजनों को ग्रामीणों से यह जानकारी मिली कि जय सिंह को गांव के ही दो अन्य युवकों—विकास सिंह चंदेल और मानवेंद्र सिंह चंदेल के साथ खेत में पार्टी करते देखा गया था। इसके बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई और उन्होंने उसी इलाके में सघन खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान गुरुवार रात करीब 10 बजे गांव के पास स्थित खीर महेरी पुरवा की तलैया में जय सिंह का शव पानी में तैरता नजर आया।
ये भी पढ़ें




सिर और गर्दन पर मिले चोट के निशान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
तलैया में शव दिखने की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। तत्काल ओरछा रोड थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव को देखते ही पिता बृजेश यादव ने इसे सामान्य डूबने का मामला मानने से साफ इनकार करते हुए सुनियोजित हत्या की गंभीर आशंका जताई है। पिता का कहना है कि उनके बेटे की किसी से कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं थी, लेकिन शव के सिर और गर्दन पर स्पष्ट रूप से गंभीर चोटों के निशान दिखाई दे रहे हैं। पिता का आरोप है कि पार्टी के बहाने ले जाकर उनके बेटे के साथ कोई अप्रिय घटना की गई है और फिर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को तलैया में फेंक दिया गया। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की गुहार लगाई है।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम, सभी पहलुओं पर जांच तेज
घटना के संबंध में ओरछा रोड थाने के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिता द्वारा लगाए गए सभी आरोपों, खेत में हुई पार्टी और युवक के साथ मौजूद रहे संदिग्धों सहित मामले के प्रत्येक पहलू पर सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। एएसआई ने कहा कि डॉक्टरों की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह (डूबना या चोटें) स्पष्ट होगी, जिसके आधार पर आगे की कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इकलौते चिराग के बुझने से सदमे में पूरा परिवार
दो बहनों के इकलौते भाई की इस असामयिक मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। बदहवास पिता ने बिलखते हुए कहा कि जय सिंह उनके बुढ़ापे का एकमात्र सहारा और पूरे कुल का इकलौता चिराग था। उनकी दो बेटियों में से एक की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी अभी घर पर ही है। घर के इकलौते बेटे की संदिग्ध मौत के बाद से मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है और समूचा परिवार गहरे सदमे में है। गांव के लोग भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने के साथ-साथ पुलिस प्रशासन से मामले की गहराई से तहकीकात की मांग कर रहे हैं।
















