भोपाल। मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने पुलिस महकमे में प्रशासनिक सर्जरी करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के पांच वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में बड़ा फेरबदल किया है। जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, एक अधिकारी को नई पदस्थापना दी गई है, जबकि चार आईपीएस अफसरों को वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं। इस फेरबदल के तहत भोपाल पुलिस मुख्यालय में पदस्थ मलय जैन को नक्सल प्रभावित जिले बालाघाट का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा चर्चित आईपीएस सचिन अतुलकर, उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारियों को महत्वपूर्ण अतिरिक्त जिम्मेदारियां दी गई हैं। यह व्यवस्थाएं आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से लागू रहेंगी।
मलय जैन संभालेंगे बालाघाट की कमान, हॉक फोर्स का भी मिला प्रभार
वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी मलय जैन को बालाघाट जिले का नया एसपी बनाया गया है। मलय जैन वर्तमान में पुलिस मुख्यालय भोपाल में असिस्टेंट आईजी (AIG) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। अब वे बालाघाट जिले में कानून व्यवस्था की बागडोर संभालेंगे। इसके साथ ही नक्सल मोर्चे पर सक्रिय विशेष सुरक्षा बल यानी हॉक फोर्स बालाघाट के सेनानी का अतिरिक्त प्रभार भी उन्हें सौंपा गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में 27 अक्टूबर को बालाघाट एसपी के पद पर पदस्थ 2018 बैच के आईपीएस आदित्य मिश्रा का स्थानांतरण देवास जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में कर दिया गया था, जिसके बाद से बालाघाट में पूर्णकालिक एसपी की तैनाती प्रतीक्षित थी।
ये भी पढ़ें




आईजी सचिन अतुलकर को ग्वालियर विसबल का अतिरिक्त दायित्व
प्रशासनिक फेरबदल में वर्ष 2007 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सचिन कुमार अतुलकर को ग्वालियर में विशेष सशस्त्र बल (SAF) के पुलिस महानिरीक्षक (IG) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सचिन अतुलकर वर्तमान में मुरैना स्थित चंबल जोन के पुलिस महानिरीक्षक (IG) के पद पर पदस्थ हैं। अब वे चंबल जोन की कानून-व्यवस्था संभालने के साथ ही ग्वालियर में विसबल (विशेष सशस्त्र बल) का दायित्व भी संभालेंगे।
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा सहित तीन अन्य अधिकारियों को मिले अतिरिक्त प्रभार
गृह विभाग के आदेशानुसार अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी जिम्मेदारियां बढ़ाई गई हैं। वर्ष 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी एवं वर्तमान में उज्जैन पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा को उज्जैन स्थित 32वीं वाहिनी विसबल के सेनानी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, 2014 बैच की आईपीएस अधिकारी वाहनी सिंह (वर्तमान एसपी, पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज इंदौर) को एसपी नारकोटिक्स मंदसौर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अभिषेक आनंद को नारकोटिक्स मंदसौर के अतिरिक्त दायित्व से मुक्त कर दिया गया है। इसके अलावा 2014 बैच के आईपीएस नागेंद्र सिंह (सेनानी, 25वीं वाहिनी विसबल भोपाल) को अपनी वर्तमान जिम्मेदारी के साथ पुलिस अधीक्षक रेल (SP Rail) भोपाल का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
हाल ही में 12 आईपीएस अधिकारियों का भी हुआ था तबादला
गौरतलब है कि गृह विभाग ने इससे पूर्व 28 अक्टूबर को भी देर रात एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया था, जिसमें 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। उस आदेश के तहत नर्मदापुरम, बैतूल, पन्ना, हरदा और आलीराजपुर सहित पांच जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले गए थे तथा पुलिस मुख्यालय भोपाल में तीन अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई थी। अब 6 नवंबर को जारी नए आदेश से जिलों में रिक्त पड़े प्रभारों और विशेष इकाइयों की कमान संबंधित अधिकारियों को सौंपकर प्रशासनिक व सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।















