सतना, सजल रजक। धर्मनगरी चित्रकूट में 6 से 10 नवंबर तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक एवं पारंपरिक दीपावली मेले की तैयारियों को लेकर सतना जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पांच दिवसीय इस महापर्व के दौरान देश के कोने-कोने से लाखों की तादाद में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा बुनियादी सुविधाओं को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से शुक्रवार को चित्रकूट विकास प्राधिकरण (सीडीए) कार्यालय में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।


कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में मेले से जुड़े सभी पहलुओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि चित्रकूट दीपावली मेला आस्था का एक बड़ा केंद्र है, जहां भारी भीड़ को नियंत्रित करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपीं। इसके साथ ही उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि सभी आवश्यक कार्य समय-सीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएं ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।



सीडीए कार्यालय में बने कंट्रोल रूम का लिया जायजा

बैठक के तुरंत बाद कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने चित्रकूट विकास प्राधिकरण कार्यालय में स्थापित केंद्रीय कंट्रोल रूम का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात अमले से संचार व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन रिस्पॉन्स सिस्टम की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान 24 घंटे कंट्रोल रूम को मुस्तैद रखा जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति या शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

प्रशासनिक और पुलिस अमले की रही मौजूदगी

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, जिला पंचायत सीईओ सपना त्रिपाठी, अपर कलेक्टर विकास सिंह तथा एसडीएम मझगवां महिपाल सिंह गुर्जर सहित लोक निर्माण, स्वास्थ्य, विद्युत और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, प्रमुख घाटों पर गोताखोरों की तैनाती और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाने की कार्ययोजना साझा की।