क्राइस्टचर्च। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला हेगले ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 180 रन बनाए हैं। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टिम सीफर्ट को सिर्फ 7 रनों के स्कोर पर अर्शदीप सिंह ने पवेलियन भेजा। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर डेरिल मिचेल तिलक वर्मा को देकर आउट हुए। फिन एलन को प्रिंस यादव ने बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड किया और वह 16 रन ही बना सके।

41 के स्कोर पर 3 विकेट खोकर मुश्किल में दिख रही न्यूजीलैंड की पारी को एक बार फिर ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने संभाला। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 76 गेंदों में 116 रनों की शानदार साझेदारी निभाई। जैकब्स ने 46 गेंदों का सामना करते हुए 58 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, ग्लेन फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 43 गेंदों में 70 रनों की आतिशी पारी खेली। फिलिप्स ने अपनी इस इनिंग में 4 चौके और चार छक्के लगाए। मिचेल सैंटनर 4 और माइकल ब्रेसवेल 2 गेंदों में 10 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत की ओर से गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने 4 ओवर में 50 रन देकर सिर्फ एक विकेट चटकाया। वहीं, अर्शदीप सिंह टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 33 रन देकर 2 विकेट निकाले। अक्षर पटेल टीम के सबसे किफायती गेंदबाज रहे और उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 28 रन दिए। नीतीश कुमार रेड्डी और प्रिंस यादव ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

इस मुकाबले में भारतीय टीम एक बदलाव के साथ मैदान पर उतरी है। चोट के कारण ईशान किश यह मुकाबला नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह पर 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह दी गई है। वहीं, न्यूजीलैंड ने एडम मिल्ने को बाहर करके जैकब डफी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है।