सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र से एक हैवानियत की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिससे पूरा प्रदेश आक्रोश में है। दरअसल यहां एक रिसोर्ट में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।


कुरई थाना प्रभारी के.एस. टेकाम से मिली जानकारी के अनुसार, 16 मई को एक नाबालिग ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि 15 मई को आरोपी आशीष उसे बहला-फुसलाकर सुकतरा स्थित शांति वन रिसोर्ट ले गया था। वहाँ आरोपी अंकित सनोडिया और उसके अन्य साथियों ने पीड़िता को जबरन बीयर पिलाई। जब नाबालिग नशे की हालत में आ गई, तो अंकित सनोडिया ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचित किया गया। महिला थाने की एक महिला उप निरीक्षक ने कुरई थाने पहुँचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पोक्सो और अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देश पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके नाम अंकित सनोडिया निवासी साई धाम कॉलोनी, डूण्डासिवनी, आशीष उर्फ आशु निवासी बादलपार और एक नाबालिग है। इस मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी बारिकी से जांच की जा रही है।