छत्तीसगढ़ /रायगढ़ (रोहित तिर्की) - वर्षा ऋतु में मलेरिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र विजयनगर, विकासखण्ड धरमजयगढ़ द्वारा क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से मलेरिया से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने और समय पर जांच कराने की अपील की है।
अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर सर्वेक्षण कर रही है। बुखार से पीड़ित लोगों की तत्काल मलेरिया जांच, कीटनाशक उपचारित मच्छरदानियों के उपयोग के प्रति जागरूकता, मच्छरों के लार्वा के स्रोतों को नष्ट करने तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, कूलर, पानी की टंकी, गमलों एवं अन्य जल पात्रों की नियमित सफाई करने तथा रात में मच्छरदानी का उपयोग करने की अपील की है। साथ ही पूर्ण आस्तीन के कपड़े पहनने और मच्छरों के काटने से बचाव के अन्य उपाय अपनाने की भी सलाह दी गई है।
विभाग के अनुसार यदि किसी व्यक्ति को बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, शरीर में दर्द या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र में पहुंचकर मलेरिया की निःशुल्क जांच करानी चाहिए। जांच में मलेरिया की पुष्टि होने पर चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाओं का पूरा कोर्स पूरा करना आवश्यक है।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजानन्द राठिया ने आमजन से मलेरिया मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने तथा मलेरिया से बचाव संबंधी संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है।




